बिहार में रामायण और महाभारत के बाद बच्चों की पढ़ाई भी दूरदर्शन पर शुरू हो चुकी है। इस अनोखे पहल की शुरुवात बिहार के छपरा के रहने वाले रितेश सिंह के स्टार्ट-अप Eckovation ने बिहार सरकार और UNICEF की मदद से की है।
9वीं और 10वीं का सिलेबस समय पर खत्म हो, इसके लिए अब दूरदर्शन पर कक्षाएं चलाई जाएंगी। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा चलाये जा रह स्मार्ट क्लास की पढ़ाई दूरदर्शन के माध्यम से छात्र कर सकेंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है। हर दिन सुबह 11 से 12 बजे तक कक्षाएं चलेंगी। इसका फायदा प्रदेश भर के लगभग 30 लाख छात्र और छात्राओं को घर बैठे मिलेगा। आधे घंटे नौवीं की और आधे घंटे 10वीं की कक्षाएं चलेंगी। विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, सारे सिलेबस समझ में आए, इसके लिए वीडियो तैयार किये गए हैं।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, Eckovation एवं UNICEF की पहल
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की मानें तो 20 अप्रैल से इसे शुरू किया है। हर दिन एक चैप्टर की पढ़ाई होगी। एक दिन में दो विषयों के लिए एक-एक चैप्टर शुरू होगा। हर दिन के लिए 15-15 मिनट का वीडियो तैयार किया गया है। एक सप्ताह में किसी एक विषय का एक चैप्टर खत्म होगा। फिलहाल अभी एक महीने का 30 घंटे से ज्यादा का वीडियो तैयार कर लिया गया है।
दूरदर्शन पर पढ़ाई और उन्नयन एप पर सवाल-जवाब : सभी विद्यार्थी दूरदर्शन पर एक घंटे की कक्षा करेंगे। अगर छात्र के मन में किसी तरह का सवाल आयेगा तो छात्र उन्नयन एप पर पूछ सकते हैं। उन्नयन एप के माध्यम से छात्र को तुरंत जवाब मिलेगा। इकोवेशन संस्था के रितेश ने बताया कि उन्नयन एप से प्रदेश भर के एक लाख 45 हजार छात्र और छात्राएं जुड़ चुके हैं। इससे पढ़ाई के साथ-साथ सवाल और जवाब भी मिलता रहेगा।
